सदर तहसील के रक्सौली गांव में बृहस्पतिवार शाम चूल्हे की चिंगारी से एक घर में आग लग गई। आग में राशन, कपड़ा समेत तकरीबन दो लाख रुपये का सामान जल गया।
रक्सौली निवासी रामू मौर्य के घर में बृहस्पतिवार शाम चूल्हे पर खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक चूल्हे से निकली चिंगारी घर के छप्पर में पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया। आग की लपटें व धुएं का गुबार देख पड़ोसी ग्रामीण इकट्ठा हो गए।
पुलिस व फायर स्टेशन को सूचना देने के साथ ही लोग आग पर काबू पाने में जुट गए। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से घंटे भर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। भुक्तभोगी रामू के मुताबिक आग में राशन,कपड़ा समेत तकरीबन दो लाख रुपये मूल्य का गृहस्थी का सामान जल गया।