किसान को आलू देने से इंकार करने पर कोल्ड स्टोर प्रबंधक समेत पांच पर केस
- कोखराज के शहजादपुर के किसान ने कोल्ड स्टोर में रखा था आलू
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। कोखराज कोतवाली के शहजादपुर गांव के एक किसान के साथ कोल्ड स्टोर प्रबंधक ने धोखाधड़ी की। प्रबंधक और उसके सहकर्मियों ने आलू देने से मना कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने प्रबंधक समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
कोखराज कोतवाली के शहजादपुर निवासी मो. उमर ने बताया कि उसने दो अप्रैल 2022 को प्रयागराज जनपद के नवाबगंज थाना अंतर्गत भगवतीपुर लाल गोपालगंज स्थित गरीब नवाज कोल्ड स्टोर में अपना 32 बोरी आलू रखा था। कुछ माह बाद वह आलू लेने के लिए पहुंचा तो वहां मौजूद कोल्ड स्टोर प्रबंधक बादशाह व सहकर्मी ने आलू खराब होने की बात कही। यह भी कहा कि बदले में उसे आलू की कीमत दे दी जाएगी। पिछले दिनों वह रुपये मांगने पहुंचा तो प्रबंधक व सहकर्मी ने रुपये देने से इंकार कर दिया। इसके अलावा गाली-गलौज व मारपीट कर उसे स्टोर से भगा दिया गया। शिकायत पर पुलिस ने प्रबंधक व सहकर्मी समेत उनके साथी अशफाक, इम्तियाज व मुमताज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।