मंझनपुर डिपो में खड़ी सिराथू, कानपुर, लखनऊ जाने वाली बसें। संवाद
सिराथू बस स्टैंड पर रोडवेज बसों का नियमित ठहराव सुनिश्चित हो गया है। जून माह तक बसों की समय-सारणी भी लग जाएगी। इससे यात्रियों को बसों के आवागमन की सटीक जानकारी मिलेगी। वहीं बसों के नियमित ठहराव से लोगों को सहूलियत होगी। सिराथू क्षेत्र से कानपुर, लखनऊ जाने वाले यात्रियों को इससे राहत मिलेगी। पहले इस रूट पर यात्रियों को बसों के लिए काफी देर इंतजार करना पड़ता था। यात्रा शुरू करने से पहले ही थकान हो जाती थी। बसों की जानकारी के अभाव में लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ता था, लेकिन अब बसों के नियमित ठहराव से लोगों को राहत मिलने के आसार हैं। मंझनपुर बस डिपो इंचार्ज गंगा शंकर शर्मा ने बताया कि सिराथू बस स्टैंड पर कानपुर और लखनऊ जाने वाली बसों का भी ठहराव सुनिश्चित होगा, जिससे यात्रियों को समय-सारणी के अनुसार बसें मिलेंगी। स्टैंड पर जून तक समय-सारणी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।