कोखराज कोतवाली के बालकमऊ निवासी एक कारोबारी के निर्माणाधीन भवन की दीवार दबंगों ने ढहा दी। आरोप है कि कारोबारी से गुंडा टैक्स की मांगा जा रहा है। मामले में पुलिस ने सिंघिया के पूर्व ग्राम प्रधान समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बालकमऊ निवासी अश्वनी कुमार अग्रहरि ने बताया कि उसने सिंघिया के समीप एक प्लॉट की रजिस्ट्री कराई है। इस प्लॉट पर वह निर्माण करा रहा है। आरोप है कि सिंघिया गांव के पूर्व ग्राम प्रधान संतोष त्रिपाठी, राजेंद्र, दिनेश, महेश व पवन तिवारी ने निर्माण कार्य को रोक दिया।
साथ ही निर्माणाधीन दीवार को ढहा कर सीमेंट, सरिया आदि उठा ले गए। आरोप लगाया कि निर्माण करने के एवज में 15 लाख की रंगदारी मांगी जा रही है।
इससे परेशान व्यापारी ने बृहस्पतिवार को एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव से शिकायत की। एसपी के निर्देश पर कोखराज कोतवाली पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।