मंझनपुर। कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य ने बुधवार को गोशालाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान खामी मिलने पर नाराजगी जताई। सुधार के लिए कई सुझाव भी दिए।
कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य कुलजीत सिंह ने कान्हा गोशाला करारी का निरीक्षण किया। यहां पंखे न लगे होने पर नाराजगी जताई। सड़क भी बदहाल थी। ईओ को दोनों कमियां दूर कराने लिए कहा। अस्थायी गोशाला ओसा में पौधारोपण कराने निर्देश दिए, ताकि मवेशियों को छाया मिल सके। टेवां की गोशाला में निरीक्षण के दौरान वर्मी कंपोस्ट के लिए बनाए गए चैंबर को देखा।
अफसरों को सुझाव दिया कि इससे तैयार हो रही जैविक खाद की पैकिंग कराकर नर्सरियों में भेजा जाए। इससे गोशाला की आमदनी होगी। सदस्य ने सीवीओ डॉ. एके सागर को गोशालाओं में व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। सदस्य के लंपी के बारे में पूछने पर सीवीओ ने बताया कि यहां यह रोग न के बराबर फैला है। अब तक 80700 मवेशियों का टीकाकरण हो चुका है।
बिना लाइसेंस के मिली खाद की दुकान
मंझनपुर। जिले में दौरे पर आए कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य ने दीवर कोतारी में एक खाद की दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि बिना लाइसेंस के ही खाद की दुकान चल रही है। हालांकि दुकानदार मौके पर नहीं मिला। दीवर कोतारी में प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र भी देखा। यहीं पर एक अन्य खाद की दुकान का जायजा लिया। दुकानदार ने बताया कि यूरिया का सरकारी रेट 267 रुपये है, जबकि 282 रुपये में उन्हें मिल रही है। इस पर सदस्य ने जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार गौतम को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस मौके पर उप कृषि निदेशक सतेन्द्र तिवारी भी मौजूद रहे। संवाद