नगर पंचायत अजुहा में बिगड़ी यातायात व्यवस्था, विभाग नहीं दे रहा ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
अजुहा। नगर पंचायत अजुहा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बिगड़ी हुई है। भोला चौराहा से शाखा रोड हो या फिर खागा को जाने वाला संपर्क मार्ग। हर सड़क पर अतिक्रमणकारियों का कब्जा है। कहीं पर व्यापारी अपनी दुकानें सड़क तक बढ़ाकर लगा लेते हैं तो कहीं डग्गामार वाहनों का कब्जा रहता है। राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार इस मुद्दे को अफसरों के सामने उठाया गया। न तो नगर पंचायत ने ध्यान दिया और न ही स्थानीय पुलिस प्रशासन ने। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
वहीं वार्ड नंबर 10 के उदय कुमार अग्रहरि का कहना है कि भोला चैराहे से टेढ़ी मोड़ पुरानी बाजार तक 300 मीटर के दायरे में दुकानदार सड़क पर दुकानें लगाते हैं। दिन भर बेतरतीब ट्रक व अन्य वाहन खड़े रहते हैं। इससे आवागमन बाधित रहता है। कहने के नाम पर एक होमगार्ड को तैनात किया जाता है। लेकिन इससे काम नहीं चल रहा है। आम वाहनों के साथ कई बार एंबुलेंस भी इसमें फंस जाती है। कई बार यह मुद्दा उठाया गया है। फिर भी अफसर कार्रवाई नहीं कर रहे।
व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश चंद्र अग्रहरि बताते हैं कि अजुहा से खागा जाने वाले मार्ग पर दिन भर तिपहिया वाहन खड़े रहते हैं। वाहनों चालक सड़क पर ही सवारियां उतारते और बैठाते हैं। रही-सही कसर फल के ठेले वाले पूरी कर देते हैं। इसकी वजह से भी जाम की समस्या बढ़ गई है। पूरे दिन राहगीर परेशान होते रहते हैं। इनके लिए कस्बे में स्टैंड व पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए, जो नहीं की गई। कई बार इसकी मांग उठाई जा चुकी है। इसके बाद भी समस्या का निस्तारण नहीं हुआ, जिसका दंश कस्बे के लोगों को झेलना पड़ रहा है।
अतिक्रमण और जाम को लेकर व्यापारियों के साथ बैठक हो चुकी है। अतिक्रमण हटवाने पर सहमति बनी है। व्यापारियों के सहयोग से पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर कार्रवाई की जाएगी।
-सुभाष चंद्र सिंह, ईओ, नगर पंचायत अजुहा