तहसील क्षेत्र के मीरापुर गांव की सात दिन से बत्ती गुल है। सोमवार रात बिजली आपूर्ति के दौरान अचानक गांव में लगा ट्रांसफार्मर धड़ाम हो गया। इससे लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को ढिबरी और लालटेन की रोशनी में घरेलू कामकाज करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत यूपी बोर्ड परीक्षार्थियों को हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बाद भी ट्रांसफार्मर को बदलवाने के लिए कोई पहल नहीं की जा रही है।
मनौरी विद्युत उपकेन्द्र से जुडे़ मीरापुर गांव में करीब तीन हजार की आबादी में बिजली आपूर्ति के लिए 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। गांव के रहने वाले अशोक कुमार, सुग्रीव कुमार, कैलाश, रामसरन, कालीदीन आदि का कहना है कि करीब सप्ताह भर पहले बिजली आपूर्ति के दौरान ट्रांसफार्मर अचानक धड़ाम हो गया। दूसरे दिन उपकेन्द्र जाकर बिजली विभाग के कर्मियों से शिकायत की गई। इसके बाद भी फुंके ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए कोई पहल नहीं की जा रही है। आपूर्ति ठप होने से परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि दो दिन में ट्रांसफार्मर बदला नहीं गया तो उपकेन्द्र का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे।