कोखराज थाना क्षेत्र के तरसौरा गांव में मंगलवार सुबह हाईमास्ट लाइट के पोल में करंट उतरने से पांच वर्षीय मासूम शुभम और उसे बचाने पहुंची उसकी मां रंजू झुलस गईं। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पोल से अलग कर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार रंजू अपने बेटे शुभम को स्कूल भेजने के लिए गांव के चौराहे पर वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान हल्की बारिश के बीच शुभम खेलते हुए हाईमास्ट पोल के पास पहुंच गया और करंट की चपेट में आ गया। बेटे को बचाने के प्रयास में मां भी झुलस गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने हाईमास्ट के रखरखाव और अर्थिंग व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। ग्राम प्रधान बलराम सिंह ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से हाईमास्ट की बिजली काट दी गई है और विभाग को जांच व मरम्मत के लिए सूचना दी गई है।