संकल्प यात्रा सभा में सांसद के आरोप को कल्पना सोनकर ने दोहराया
जिपं सदस्य शायमा देवी ने आरोप लगाया था कि जानबूझकर उनका घर गिरवाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने जिला पंचायत सदस्य शायमा देवी के पति पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र सरोज पर 50 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ जब अविश्वास प्रस्ताव लाया जा रहा था तो पक्ष में मतदान करने को यह रकम मांगी गई थी। जितेंद्र का कहना है कि अध्यक्ष को इसका सुबूत देना चाहिए।
पांच दिन पूर्व नेवादा के जैतपुर हजारी गांव में संकल्प यात्रा कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य शायमा देवी ने अपने घर गिरवाए जाने को लेकर आरोप लगाया था सांसद विनोद सोनकर के इशारे पर यह कार्रवाई हुई। क्योंकि वह अविश्वास प्रस्ताव में अध्यक्ष के खिलाफ थीं। इस पर सांसद ने शायमा के पति पर 50 लाख रुपये मांगने का यह आरोप लगाया था, जिसे अध्यक्ष ने दोहराया।
शनिवार को अध्यक्ष कल्पना सोनकर प्रेसवार्ता में कहा कि जितेंद्र सरोज ने सरकारी भूमि पर कब्जा करके मकान बनवाया था। चायल के तहसीलदार न्यायालय से छह मार्च 2020 को बेदखली का आदेश हुआ था। यह आदेश जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव से पहले हुआ था।
जितेंद्र सरोज को उच्च न्यायालय से कोई राहत नहीं मिली थी। इसी आदेश के क्रम में प्रशासन ने निर्माण ध्वस्त कराया था। यह कार्रवाई अविश्वास प्रस्ताव के पहले हुई थी। इस कार्रवाई से न तो चुनाव का कोई लेनादेना है। न ही सांसद की इसमें कोई भूमिका है।
इनसेट
ग्रामीण प्रधान पर लगा रहे थे आरोप
सांसद के मीडिया प्रभारी राजेंद्र पांडेय ने कहा कि कार्यक्रम में सांसद करीब एक घंटे रहे। शायमा देवी गांव की कोटेदार व उनकी जेठानी ग्राम प्रधान हैं। ग्रामीण प्रधान पर गरीबों को योजनाओं का लाभ नहीं दिलाने और कोटेदार पर राशन वितरण में मनमानी का आरोप लगा रहे थे। इसी पर सदस्य कार्यक्रम में चिल्लाने लगीं, जिनका सांसद ने जवाब भी दिया।
इनसेट
ग्रामीणों ने नहीं किया विरोध
पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र कुमार का कहना है कि कार्यक्रम में ग्रामीणों ने किसी तरह की शिकायत नहीं की है। मेरे बड़े भाई प्रधान के पति रामबाबू ने सांसद के माल्यार्पण से इन्कार कर दिया था। इस पर सांसद जी ने धमकी दी कि अभी घर ही गिरवाया गया है, ज्यादा राजनीति करेंगे तो मिट्टी में भी मिला दिया जाएगा। इस पर शायमा देवी ने विरोध जताया था। जिला पंचायत अध्यक्ष यदि मेरे ऊपर 50 लाख रुपये मांगने का आरोप लगा रहीं तो उन्हें सबूत के साथ मीडिया के समक्ष पेश करना चाहिए।