नगर पंचायत सिराथू में ईओ वैभव चौधरी को इस्तीफा सौंपते सभासद रत्नेश सोनकर। स्रोत: सभासद
सैनी कोतवाली पुलिस की कार्यशैली से खफा नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार हौलीपर से भाजपा सभासद ने बृहस्पतिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्हाेंने अपना यह इस्तीफा अधिशासी अधिकारी को सौंपा है।
वार्ड नंबर चार हौलीपर के सभासद रत्नेश सोनकर का आरोप है कि बुधवार शाम उनकी मां विजमा देवी दरवाजे पर खड़ी थीं। तभी पड़ोसियों की सुअर दरवाजे पर आ गई। उनकी मां ने उसे भगा दिया। इससे नाराज होकर कल्लू, आकाश, जंग बहादुर, गुरुवा ने उनके साथ जमकर मारपीट व गालीगलौज की। बीचबचाव करने पर उन्हें भी धमकाया।
सभासद का आरोप है कि जब वह मामले की तहरीर लेकर सैनी कोतवाली पहुंचे तो वहां चौकी इंचार्ज धीरेंद्र सिंह ने एफआईआर लिखने में आनाकानी की। काफी कहने के बाद किसी तरह उनकी रिपोर्ट दर्ज की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी आरोपी के एक परिजन ने तमंचा दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। इसका केस भी दर्ज कराया था, लेकिन बाद में पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगाकर मामले को रफा-दफा कर दिया।
रत्नेश का कहना है कि चुनावी रंजिश के चलते दबंगों ने उनका गांव में रहना दुश्वार कर दिया है। पुलिस से न्याय का भरोसा भी उठ गया है। अपने परिवार की सुरक्षा के लिए उन्होंने इस्तीफा दिया है।
वहीं, अधिशासी अधिकारी वैभव चौधरी ने बताया कि मारपीट की घटना को लेकर नाराज वार्ड नंबर चार के सभासद की ओर से इस्तीफा दिया गया है। अभी अध्यक्ष यहां नहीं हैं। उनके आने के बाद ही इस्तीफे पर निर्णय होगा। इंसपेक्टर सैनी जेके शर्मा का कहना है कि सभासद के आरोप बेबुनियाद हैं। उनकी तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखा गया है।