सिराथू। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री और कौशाम्बी के सांसद विनोद सोनकर ने मंगलवार को रेलमंत्री अश्वनी कुमार वैष्णव से मुलाकात की। जिले के लोगों की सुविधा के लिए सिराथू रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की।
सांसद ने रेलमंत्री को बताया कि सिराथू रेलवे स्टेशन जिले का प्रमुख स्टेशन है। इस स्टेशन से ही कड़ाधाम स्थित शक्तिपीठ माता शीतला का मंदिर जाना होता है। पूरे साल देश व प्रदेश से श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहता है। दिल्ली और मुम्बई में काम करने वाले जिले के लाखों श्रमिकों का भी पूरे साल आना-जाना रहता है। रेलवे स्टेशन सिराथू मे पर्याप्त ट्रेनों का ठहराव न होने के कारण जिलेवासियों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने रेल मंत्री से कहा कि ट्रेन संख्या 12308-12309 जोधपुर-हावड़ा, 20403-20404 प्रयागराज-बीकानेर, ट्रेन संख्या 04151-04152 मुम्बई वाया प्रयागराज से कानपुर, ट्रेन संख्या 18101-18102 जम्मूतवी से टाटा नगर का सिराथू में ठहराव शुरू हो जाए तो जिलेवासियों को काफी राहत मिलेगी। यह जानकारी सांसद के मीडिया प्रभारी राजेंद्र पांडेय ने दी।