चरवा कोतवाली के रतगहा गांव के समीप मंगलवार देर शाम निमंत्रण जा रहे एलएलबी के छात्र पर सरेराह दबंगों ने हमला किया। हमलावरों ने उसकी कार में तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मोहिद्दीनपुर गांव निवासी दिलावर सिंह एलएलबी का छात्र हैं। मंगलवार शाम वह अपनी कार से निमंत्रण जा रहा था। रतगहा गांव के बाहर कार खड़ी कर वह अपने मित्र का इंतजार करने लगा। इसी बीच गांव के शुभम यादव अपने दो साथियों के साथ पहुंचा व गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर शुभम ने साथियों के साथ मिलकर उसे पीटा व कार में तोड़फोड़ की। दिलावर का आरोप है कि हमलावरों ने पिस्टल से हवाई फायरिंग भी की। थानाध्यक्ष बलराम सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।