कसेंदा गांव के बाहर स्थित तालाब पर में मरी मछलियां दिखाता किसान, स्रोत स्वयं
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के कसेंदा गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक किसान के निजी तालाब में पाली गईं मछलियां मृत अवस्था में उतराती मिलीं। घटना से किसान को भारी नुकसान हुआ है। पीड़ित ने अराजकतत्वों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। कसेंदा निवासी मेवालाल खेती के साथ मछली पालन भी करते हैं। उन्होंने गांव के बाहर अपने खेत में तालाब खुदवाकर मछलियां पाल रखी थीं। मेवालाल के मुताबिक करीब दो महीने पहले उन्होंने 76 हजार रुपये की लागत से आठ हजार मछली के बच्चे तालाब में छोड़े थे। आशंका है कि बुधवार रात किसी ने तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया, जिससे सभी मछलियां मर गईं। बृहस्पतिवार सुबह जब मेवालाल तालाब पर पहुंचे तो तालाब में मरी हुई मछलियां उतराती देख उनके होश उड़ गए। तहरीर मिलने के बाद पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।