पश्चिमशरीरा कोतवाली के बक्शी का पूरा गांव में फंदे पर लटके मिले युवक की शिनाख्त हो गई है। सोशल मीडिया की मदद से पुलिस ने उसकी पहचान शेषा के मैहर प्रसाद के रूप में की है। हालांकि परिवार के लोग खुदकुशी या हत्या के पीछे का कारण नहीं बता पा रहे हैं।
बक्शी का पूरा गांव में 14 जनवरी की शाम एक युवक की शव मफलर के सहारे पेड़ से लटकता मिला था। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव के शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित कराई तो युवक के घर वालों ने थाना पहुंचकर शिनाख्त की।
थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने बताया कि करारी के शेषा निवासी विजय परिवार के साथ सोमवार की देर शाम पश्चिमशरीरा थाना पहुंचा। उसने फोटो देखकर शव की पहचान अपने भाई मैहर प्रसाद के रूप में की।
उसने बताया कि मैहर करारी कस्बे में सिलाई की दुकान में काम करता था। 12 जनवरी से ही वह गायब था। करारी पुलिस ने गुमशुदगी भी दर्ज की थी। परिवार के लोग घटना में किसी तरह का आरोप नहीं लगा रहे हैं।