नेवादा (कौशाम्बी)। सरायअकिल थाना क्षेत्र के हासिमपुर किनार गांव में शुक्रवार की सुबह एक युवक ने घर के बाहर खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क आग लगा ली। युवक का आग का गोला बना देख घर-परिवार के साथ मोहल्ले में हड़कंप मच गया। आनन-फानन लोग युवक को आग से बचाते हुए नजदीकी अस्पताल ले गए। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत नाजुक देख एसआरएन हास्पिटल इलाहाबाद रेफर कर दिया। चर्चा है कि पारिवारिक कलह से आजिज आकर युवक ने जान देने का प्रयास किया गया था। युवक के इस कदम से घर-परिवार के लोग स्तब्ध है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के हासिमपुर किनार गांव निवासी मोहम्मद असलम (40) पुत्र मोहम्मद चेला शुक्रवार की सुबह परिवार के साथ घर के भीतर मौजूद था। चर्चा है कि किसी बात को लेकर परिजनों से उसकी झड़प हो गई। परिजनों से नोक-झोंक करने के बाद युवक घर के बाहर निकला और खुद के ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क आग लगा लिया। युवक की चीख-पुकार सुन घर-परिवार के साथ गांव के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और युवक को आग से बचाते हुए नजदीकी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद युवक की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों की किसी बात से नाराज होकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाया इसे लेकर परिजन भी हलाकान है। आग से झुलसे युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।