मंझनपुर (ब्यूरो)। कस्बे के चमनगंज में रहने वाली समीना उर्फ अंगूरी हत्याकांड की गुत्थी सुलझने का नाम नहीं ले रही है। पति से अलगाव के बाद एक अन्य व्यक्ति के साथ रहने वाली विवाहिता ने हत्या से दो दिन पहले ही घर बदला था। कानाफूसी है कि इस घर बदलने के पीछे कहीं न कहीं कुछ राज जरूर है। वहीं पुलिस समीना के गायब हुए तीनों मोबाइल की काल डिटेल के सहारे हत्यारों की तलाश में लगी है। एसओ मंझनपुर ने बताया कि काल डिटेल से अहम क्लू मिले हैं। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
बता दें कि मोहब्बतपुर पइंसा कोतवाली के मोहब्बतपुर वारी गांव की रहने वाली समीना उर्फ अंगूरी मंझनपुर के चमनगंज मोहल्ले में कमरे के मकान में अपने दो बच्चों के साथ रहती थी। इसी किराए के मकान में उसकी तीन जनवरी की रात हत्या कर दी गई थी। सुबह बिस्तर में उसकी लाश मिलने से सनसनी मच गई। पर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग आने से हत्याकांड उलझ गया है। क्योंकि प्रथम दृष्टया पुलिस के अफसर गला घोंटकर हत्या किया जाना मान रहे थे। उधर, समीना की हत्या को लेकर पूरे कस्बे में तमाम चर्चाएं हैं।
हो रही कानाफूसी पर गौर करें तो पहले समीना चकनगर मोहल्ले में रहती थी। दो दिन पहले ही उसके साथ रहने वाला युवक सउदी गया था। इसके बाद ही उसने चकनगर का मकान छोड़कर चमनगंज में किराए का घर लिया था। लोगों में इसे लेकर चर्चा है कि आखिर समीना ने सरफराज के खाड़ी देश जाते ही मकान क्यों बदला था। कहीं उसे इस मकान में रहने पर किसी से कोई खतरा तो नहीं था? फिलहाल पुलिस ने अपनी तफ्तीश का आधार उसके गायब तीनों मोबाइल को बनाया है। एसओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के मोबाइल की काल डिटेल प्राप्त कर ली गई है। सर्विलांस के जरिए भी पुलिस को कई अहम क्लू मिले हैं। उन्होंने दावा किया है कि जल्द ही घटना का खुलासा भी कर दिया जाएगा।