जिले में ईसाई मिशनरियों की सक्रियता और भरवारी में चंगाई सभा को लेकर मामला गरमाता जा रहा है। बुधवार को विहिप कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ईसाई मिशनरियों द्वारा धर्मांतरण किया जा रहा है। यदि धर्मांतरण नहीं रोका गया तो तो कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे। कार्यकर्ताओं ने पिछले दिनों विहिप के जिला मंत्री पर हुए हमले में भी कार्रवाई की भी मांग की।
मंझनपुर में हुई बैठक में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री मुकेश ने कहा कि ईसाई मिशनरी जिले में सक्रिय हैं। मगर जिला प्रशासन खामोश है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घरों में तुलसी के पौधे बांटने का आह्वान किया। धर्म रक्षा निधि जिलाध्यक्ष संतोष तिवारी ने कहा कि जिले में ईसाई मिशनरियों द्वारा धर्मांतरण का काम किया जा रहा है। शासन और प्रशासन धर्मांतरण नहीं रोक पा रहा है। इसका विरोध करने पर जिला मंत्री प्रदीप मिश्र पर हमला किया गया।
मगर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। गोरक्षा प्रमुख भक्ति नारायण उपाध्याय ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो कार्यकर्ता प्रदर्शन को मजबूर हो जायेंगे। बैठक में बब्लू गर्ग, कमला कांत, बब्लू पांडेय, रवींद्र चौरसिया, कमलेश राजपूत, दीपक पांडेय, उपेंद्र राजपूत, देवबली, लाल सिंह, जय सिंह, अंकुर, नितिन, अभय कुमार आदि विहिप कार्यकर्ता मौजूद रहे।