पुरामुफ्ती के काजीपुर बाजार में बृहस्पतिवार रात किसी अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे अनजान युवक को रौंद दिया। हादसे के बाद युवक के शव पर से घंटों वाहन फर्राटा भरते रहे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया पर सफलता नहीं मिली। जांच पड़ताल के बाद उसने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हाईवे पर पुरामुफ्ती के काजीपुर बाजार में सड़क पार कर रहे एक युवक को इलाहाबाद की ओर से आए तेज रफ्तार किसी अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में युवक के चीथड़े उड़ गए। जब तक आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचते तब तक दर्जनों वाहन शव पर से गुजर चुके थे।
बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों की सूचना के दो घंटे बाद पहुंची पुलिस ने मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया पर सफलता नहीं मिली। कुछ लोगों का कहना है कि चार-पांच दिनों से युवक बाजार में देखा जा रहा था। जिसकी दिमागी हालत ठीक नहीं थी। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।