भरवारी में सोमवार को एलएलबी की परीक्षा दे रहे दो मुन्ना भाई पकड़ लिए गए। दोनों दूसरे छात्र के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। राज्य विश्वविद्यालय प्रयागराज के निर्देश पर प्राचार्य ने दोनों के खिलाफ कोखराज कोतवाली में तहरीर दे दी है।
इन दिनाें राज्य विश्वविद्यिालय प्रयागराज से संबद्ध महाविद्यालयों में एलएलबी की परीक्षाएं चल रही हैं। तृतीय सेमेस्टर के एक्सट्रा एक्टिविटी का पेपर था।
करीब तीन बजे विश्वविद्यालय के वीसी डॉ राजेंद्र प्रसाद अपनी टीम के साथ औचक निरीक्षण करने कॉलेज पहुंच गए। इससे महाविद्यालय में अफरातफरी मच गई। वाइस चांसलर के सघन निरीक्षण में धूमनगंज के रम्मन का पुरवा निवासी सत्यव्रत पुत्र रामशिरोमणि के स्थान पर इंद्रजीत पुत्र शिवसरन तथा चरवा के पकसराई निवासी सुधीर कुमार पुत्र बचान की जगह विजय कुमार पुत्र छोटेलाल निवासी गण पकसराई परीक्षा देते हुए पकड़ लिए गए। कॉलेज में एक साथ दो मुन्ना भाइयों के पकड़े जाने से हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पहुंची कोखराज पुलिस ने दोनों मुन्ना भाइयों को हिरासत में ले लिया। देर शाम प्राचार्य ज्ञानेश सिंह कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी। कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिल गई है। एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।