पल्टीपुर के कारोबारी सुनील सोनकर की मीरापुर गांव के बाहर बेर के पेड़ पर शनिवार सुबह लटकी हुई लाश मिली। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस घटना की जानकारी होने पर कोखराज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव उतरवाकर पोस्टमार्र्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लोग संदिग्ध बता रहे हैं। गांव में तमाम तरह की चर्चाएं भी हैं।
सुनील सोनकर (43) पुत्र मोतीलाल सोनकर टेढ़ीमोड़ चौराहा पर अंडे की दुकान लगाता था। सुनील की पत्नी विमला देवी करीब चार महीने से बीमार है। हाल ही में वह अपने मायके कुंडा (प्रतापगढ़) चली गई थी। सुनील अपने तीन बेटे ऋतिक, हार्दिक व शिवा के साथ घर में था। शनिवार सुबह सुनील का शव गांव से दो किमी दूर मीरापुर गांव के बाहर बेर के बाग में पेड़ पर लटकता हुआ मिला। गांव के लोगों ने शव देखा तो मौके पर लोगों का खासा मजमा लग गया।
सूचना पर कोखराज थाने की पुलिस पहुंची। शव की शिनाख्त होने के बाद सुनील के परिजन पहुंचे। टेढ़ीमोड़ चौकी प्रभारी अयोध्या प्रसाद ने पूछताछ के बाद शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि विमला मायके से वापस नहीं आ रही थी। इससे नाराज होकर सुनील अपने तीनों बेटों को भी कुंडा जाने को कह रहा था। इसको लेकर उसने बेटों को शुक्रवार रात जमकर डाटा भी था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।