गंगा स्नान करके घर लौट रहा भदवां गांव का वृद्ध पद्दू लाल रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसके चीथड़े उड़ गए। ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोखराज थाना क्षेत्र के भदवां गांव का रहने वाला पद्दू लाल (70) रविवार की सुबह घर से गंगा स्नान करने के लिए संदीपन घाट गया था। सुबह करीब 10 बजे वह गंगा नहाने के बाद घर लौट रहा था। इस दौरान जैसे ही वह गांव के समीप से गुजरी रेलवे लाइन को पार करने लगा तभी कानपुर की ओर आई ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसके चीथडे़ उड़ गए। यह देख आसपास मौजूद रहे लोगों की रूह कांप गई। चीखते-चिल्लाते लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पर परिवार के लोग भी आए। ग्रामीणों से मिली हादसे की खबर पर इलाकाई पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में हुई वृद्ध की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।