सदर कोतवाली के समदा में रविवार की रात चोर तीन दुकान खंगाल ले गए। किराना दुकान समेत दो ज्वेलरी की दुकानों पर चोरों ने हाथ साफ किया। लगभग छह लाख रुपये का जेवर व अन्य सामान चोर उठा ले गए हैं। घटना की जानकारी होने पर सोमवार को पुलिस पहुंची। व्यापारियों को वारदात को लेकर गुस्सा है
समदा निवासी अनिल केशरवानी पुत्र गणेश प्रसाद केशरवानी ने भरवारी रोड पर किराना की दुकान खोल रखी है। रविवार की रात शटर तोड़कर चोर एक हजार रुपये के सिक्का समेत लगभग 25 हजार रुपया का सामान उठा ले गए। इसके बाद चोरों ने मंझनपुर निवासी माता प्रसाद वर्मा व दीपक सोनी की दुकानों को निशाना बनाया। माता प्रसाद वर्मा ने ज्वेलरी की दुकान खोल रखी है, जबकि दीपक सोनी ज्वेलरी के साथ बर्तन भी बेचता है। माता प्रसाद के यहां से चोर लगभग ढाई लाख रुपये कीमत के आभूषण व दीपक सोनी की दुकान से चोर लगभग तीन लाख रुपये का सामान उठा ले गए हैं। सुबह पड़ोसियों ने टूटा हुआ शटर देखा तो व्यापारियों को जानकारी दी। माता प्रसाद व दीपक सोनी भागकर मौके पर पहुंचे। टूटा शटर देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस पहुंची। इंस्पेक्टर उमाशंकर यादव ने घटना की छानबीन की। फील्ड यूनिट के साथ ही डॉग स्क्वॉयड बुलाया गया। खोजी कुत्ता की मदद से चोर तक पहुंचने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। चोरों का सुराग न लगने से व्यापारियों में आक्रोश है। लोगों ने इंस्पेक्टर से सीधे नाराजगी भी जताई। पुलिस चोरी का मामला दर्ज कर घटना की तफ्तीश में जुट गई है।
रात भर तैनात रही पुलिस, कैसे हो गई चोरी
मंझनपुर। समदा चौराहे पर पिकेट ड्यूटी लगती है। दो सिपाहियों की यहां नियमित ड्यूटी लगाई जाती है। रविवार की रात भी पुलिस इस चौराहे पर तैनात रही, लेकिन चोरी की भनक उनको नहीं लग सकी। घटना के बाद लोगों का आरोप था कि देर रात पुलिस डंडा पटक कर चली जाती है। इसके बाद भोर में खानापूर्ति के लिए आती है। इसी को लेकर लोगों में गुस्सा भी था। समदा चौराहे पर चोरी की यह नई घटना नहीं है। इसके पहले भी घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बाद भी गश्त में लापरवाही हो रही है।