भरवारी (कौशाम्बी)। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर बृहस्पतिवार की सुबह कोखराज के भटपुरवा गांव के समीप एक युवक की क्षत-विक्षत लाश मिली। मृतक के हाथ में लिखे मोबाइल नंबर पर काल करने पर पता चला कि मृतक कानपुर के ग्वाला टोली मोहल्ले का निवासी था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फौरी तौर पर पुलिस चलती ट्रेन से गिरने के कारण मौत होना मान रही है।
कानपुर के ग्वालाटोली मोहल्ला निवासी जय प्रकाश द्विवेदी (40) पुत्र रामसुंदर बुधवार को किसी काम से इलाहाबाद गया था। बृहस्पतिवार की सुबह उसकी लाश कौशाम्बी जिले की कोखराज कोतवाली क्षेत्र के भटपुरवा गांव के समीप रेलवे ट्रैक के किनारे पर मिली। खेत की ओर जा रहे गांववालों ने शव देखा, तो उनके होश उड़ गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर इलाकाई पुलिस भी आई। जांच के दौरान पुलिस को युवक के हाथ मोबाइल नंबर लिखा मिला। इसमें काल करने पर पता चला कि मृतक कानपुर के ग्वालटोली का रहने वाला जयप्रकाश है। पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी भरवारी का कहना है कि फौरी तौर पर लग रहा है कि युवक की मौत चलती ट्रेन से गिरने के कारण हुई है। वहीं आसपास के लोगों में घटना को लेकर तमाम चर्चाएं हैं। युवक के हाथ में लिखे मोबाइल नंबर से लोग कई तरह का शक जाहिर कर रहे हैं। ग्रामीणों में कानाफूसी है कि संभवत: युवक को ट्रेन से धक्का देकर गिराया गया है।