मंझनपुर (ब्यूरो)। कस्बे के सिराथू मार्ग पर चाय-पान की एक गुमटी में मंगलवार की रात चोरों ने चोरी का प्रयास किया। चोरी करने में नाकाम होने पर चोरों ने गुमटी में आग लगा दी। इससे गुमटी छप्पर के साथ हजारों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। भुक्तभोगी दुकानदार की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन और उचक्कों की खोजबीन शुरू कर दी है।
बता दें कि मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के सेलरहा गांव निवासी संजय मौर्या की सिराथू मार्ग चाय-पान की गुमटी में दुकान है। उसने बताया कि मंगलवार की शाम करीब सात बजे वह रोज की तरह दुकान बंद करके घर चला गया था। रात गुमटी का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया। चोरी में नाकाम होने के बाद चोरों ने उसकी गुमटी में आग लगा दी। इससे गुमटी, छप्पर के साथ ही गुमटी में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
इधर, बुधवार की सुबह जब संजय दुकान खोलने के लिए आया, तो यहां का मंजर देख उसके होश उड़ गए। उसे गुमटी, छप्पर सब राख मिला। उधर, रात में गुमटी जल जाने की भनक पर आसपास के लोग भी जमा हो गए। भुक्तभोगी ने घटना की जानकारी मंझनपुर कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। साथ ही दुकानदार से तहरीर लेकर घटना की तफ्तीश और अराजकतत्वों की तलाश शुरू कर दी है। एसओ राजेश सिंह ने बताया कि स्थानीय उचक्कों की ही यह करतूत है। तलाश करके उचक्कों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।