चरवा के सिरियावां कला गांव में रविवार की रात घर के बाहर परिजनों के साथ चारपाई पर सो रहा 11 वर्षीय बालक सुबह बिस्तर से गायब मिला। बेेटे को गायब देख मां चीखने-चिल्लाने लगी। मां ने बेटे के अपहरण की आशंका जताई है। उधर, दिनभर गांववाले मासूम बालक की तलाश में जुटे रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। वहीं आरोप है कि तहरीर लेकर जाने पर पुलिस ने पीड़ित परिवार को डांटकर भगा दिया। भुक्तभोगी की शिकायत पर एसपी ने एसओ चरवा को जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।
चरवा कोतवाली क्षेत्र के सिरियावां कला गांव की रहने वाली आशमा बेगम पत्नी मुख्तार ने बताया कि रविवार की रात वह गर्मी के कारण घर के बाहर बच्चों के साथ लेटी थी। सुबह जागी, तो चारपाई से उसका 11 वर्षीय बेटा राजा गायब था। बिस्तर से बच्चे को गायब देख वह चीखने-चिल्लाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। चारपाई से बच्चे के गायब होने से पूरे गांव में सनसनी मच गई। गांववाले बच्चे की खोजबीन में जुटे रहे। पर, लापता बालक का कहीं सुराग नहीं लगा। खोजबीन के बाद अपहरण की आशंका जताते हुए विवाहिता ने घटना की जानकारी चरवा कोतवाली पुलिस को दी। आरोप है कि पुलिस ने उसे डांटकर भगा दिया।
इलाकाई पुलिस की इस मनमानी से परेशान पीड़िता ने सोमवार को मंझनपुर आकर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। साथ ही उसने पड़ोसी पर ही बेटे का अपहरण करने का आरोप लगाया। एसपी रतनकांत पांडेय ने बताया कि एसओ चरवा को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। उधर, कोतवाली प्रभारी चरवा का कहना है कि शिकायतकर्ता का उसके ही नजदीकी एक रिश्तेदार से विवाद चल रहा है। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। तफ्तीश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।