पिपरी थाने के रहीमाबाद चौकी के समीप मंगलवार की शाम अनियंत्रित टैंकर ने बाइक सवार को टक्कर मार दिया। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर मौत हो गई और उसके दो बेटे घायल हो गए। साथ में रही पत्नी स्थानीय लोगों की मदद से शव लेकर गांव पहुंची तो कोहराम मच गया। बुधवार को परिजनों ने शव गांव में ही दफना दिया।
थानाक्षेत्र के तिलगोड़ी निवासी रईश अहमद (32) पुत्र शफीक मंगलवार की शाम अपने पांच वर्षीय बेटे आफताब का इलाज कराने के लिए इलाहाबाद जा रहा था। बाइक में उसके साथ सात वर्षीय बेटा राशि और पत्नी रेशमा भी सवार थी। वह जैसे ही पिपरी थाने की रहीमाबाद चौकी के पास पहुंचा सामने से आ रहे अनियंत्रित टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दिया। हादसे में रईश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दोनाें बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में बाल-बाल बची पत्नी रेशमा घटना के बाद घायल बेटों और पति का शव लेकर घर चली आई। बुधवार की शाम परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव गांव में ही दफना दिया। घटना के बाद से मृतक की पत्नी और बच्चों का हाल बेहाल है।