सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाते चायल विधायक संजय गुप्ता।
- फोटो : Amar Ujala
पूरामुफ्ती के बसेढ़ी गांव के ग्रामीणों के साथ मृतक अधेड़ के परिजनों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने इमामगंज के समीप हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। एसडीएम, सीओ के साथ मौके पर पहुंचे चायल विधायक ने पीड़ित परिवार के साथ उग्र गांव वालों को कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए शांत कराया। इस दौरान करीब एक घंटे यातायात बाधित रहा। देर शाम गम और गुस्से के बीच अधेड़ के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के बसेढ़ी गांव निवासी सूरजपाल (55) पुत्र छेदीलाल का पट्टीदार से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार दोपहर इसी खुन्नस में दोनों परिवारों के लोग आमने-सामने हो गए। तीखी झड़प के बाद हुए खूनी संघर्ष में सूरजपाल की मौत हो गई। सिर में जोरदार प्रहार होने से वह मौके पर ढेर हो गया। वहीं मारपीट में सोनेलाल पुत्र सूरजपाल, राजकली पत्नी सोनेलाल, पुष्पा देवी, अंजली, ननकी पुत्री सूरजपाल के साथ दूसरे पक्ष से पप्पू पुत्र तिड़ीबाज, गुड़िया लहूलुहान हो गई थी।
घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए तीन लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया। बृहस्पतिवार दोपहर शव घर पहुंचा। शुक्रवार को हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों के साथ गुस्साए ग्रामीणों ने इमामगंज तिराहे पर शव रखकर हाईवे पर जाम लगा दिया। बवाल की सूचना मिलते ही एसडीएम चायल के साथ मौके पर पहुंचे सीओ और चायल विधायक संजय गुप्ता ने पीड़ित परिवार को कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए शांत कराया। इस दौरान करीब एक घंटे हाईवे पर यातायात बाधित रहा। शाम परिजनों के साथ ग्रामीणों ने गम और गुस्से के बीच शव का अंतिम संस्कार किया।