पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के सल्लाहपुर और कोइलहा गांव के समीप शनिवार को हुए सड़क हादसे में छात्र समेत दो की जान चली गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी मृत युवकों के परिजनों को देते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के अहमदपुर पावन गांव का रहने वाला प्रेम कुमार (17) पुत्र लक्ष्मीकांत इंटर का छात्र था। शनिवार की सुबह वह साइकिल से कालेज जा रहा था। इसी दौरान सल्लाहपुर गांव के समीप उसे तेज रफ्तार टेंपो ने टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।
चालक टेंपो लेकर भाग निकला। हादसा देख लोगों ने घटना की जानकारी छात्र के परिजनों और पुलिस को दी। प्रेम कुमार कीमौत की खबर सुनते ही घर-परिवार के लोग घटना स्थल पहुंचे। दूसरी घटना थाना क्षेत्र के कोइलहा गांव के समीप हुई। बसेढ़ी गांव का रहने वाला आकाश सिंह (22) पुत्र चंद्रसेन शनिवार की दोपहर बाइक से कोइलहा बाजार जा रहा था। कोइलहा गांव के समीप बस की टक्कर से युवक बाइक समेत गड्ढे में पलट गया। आस-पास मौजूद लोग जब तक जख्मी युवक को अस्पताल ले जाते उसकी सांसें थम चुकी थीं। चालक वाहन लेकर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में हुई युवकों की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।