चायल। पिपरी कोतवाली क्षेत्र के मकनपुर गांव में बुधवार की दोपहर सत्ताधारी पार्टी से जुड़े एक नेता के असलहाधारी गुर्गों ने जमकर गुंडई दिखाई। आरोप है कि इन दबंगों ने गांव के एक व्यक्ति से जबरदस्ती जमीन की रजिस्ट्री करने का दबाव बनाया। इंकार करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई की। साथ ही पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी भी दी गई। असलहाधारी दबंगों का तांडव देख गांव के लोग सहमे रहे। भुक्तभोगी ने मामले की शिकायत डीआईजी और सीओ चायल से की है। उधर, अफसरों के आदेश पर गांव पहुंची पिपरी पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के मकनपुर गांव निवासी अली रजा पुत्र मोहम्मद इलियास ने बताया कि गांव के समीप सड़क किनारे उसकी बेसकीमती जमीन है। आरोप है कि सत्ताधारी दल से जुड़े और इलाहाबाद के रहने वाले एक रसूखदार नेता उसकी इस जमीन को 20 लाख रुपये में खरीदना चाह रहे हैं, जबकि वह अपनी जमीन बेचना नहीं चाहता है। भुक्तभोगी ने बताया कि कई दिनों से लगातार जमीन बेचने का उस पर दबाव बनाया जा रहा है।
आरोप है कि बुधवार शाम करीब चार बजे दो वाहनों से करीब 10-12 असलहाधारी युवक उसके घर आ गए। इन लोगों ने जमीन रजिस्ट्री करने का दबाव बनाया। इंकार करने पर उसे दबोचकर पीटने लगे। पीटने के बाद युवकों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। उधर, असलहाधारी हमलावरों का तांडव देख घर परिवार के लोगों के साथ पूरा गांव सहमा रहा।
उधर, हमलावरों के जाने के बाद भुक्तभोगी ने घटना की जानकारी सीओ के साथ डीआईजी से की। मामले में सीओ चायल आलोक मिश्र ने बताया कि भुक्तभोगी का जमीन का विवाद चल रहा है। घर में घुस कर मारपीट करने का मामला संदिग्ध लग रहा है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच में शिकायत सही मिलने पर हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर आगे की कार्रवाई कराई जाएगी।