पइंसा थाना क्षेत्र के घटमापुर पावर हाउस के समीप रविवार की रात बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से पारस डेयरी की गाड़ियों में हमला किया। पथराव करने के साथ ही फायरिंग की गई, लेकिन गाड़ियां नहीं रुकी। टूर से वापस लौटी यूके स्कूल की बस में भी पथराव व डंडा मारा गया। बस के चालक की सूचना पर पीकेट ड्यूटी पर तैनात पीसीआर वैन के सिपाही मौके पर पहुंचे तो अंधेरे का लाभ उठाकर बदमाश भाग निकले।
पारस डेयरी का सैनी के हीरा कोल्ड स्टोर में प्लांट लगा हुआ है। फतेहपुर के धाता से बड़े पैमाने पर इस डेयरी में दूध की सप्लाई होती है। रविवार की रात को डेेयरी के मैनेजर अमित चतुर्वेदी, चालक गरुड़ के साथ पिकअप में दूध की सप्लाई लेने निकले थे। रात करीब नौ बजे वह घटमापुर के समीप से सैनी के लिए निकले। जैसे ही वह पॉवर हाउस के समीप पहुंचे। सुनसान इलाके में उनकी गाड़ी पर पथराव करने के साथ ही बदमाशों ने लाठी-डंडा मारा। गरुड़ तेज रफ्तार में गाड़ी लेकर निकल गया। इसके पीछे डेयरी की दूसरी गाड़ी लेकर चालक अरविंद आ रहा था। अरविंद की भी गाड़ी में पत्थर मारा गया। वह गाड़ी लेकर निकल गया तो फायरिंग की गई। अरविंद सीधे सैनी की ओर निकल गया। इसी बीच यूके स्कूल सिराथू की स्कूल बस से शिक्षिका सरिता देवी व अन्य स्टाफ पहुंचा।
स्कूल बस टूर से वापस लौट रही थी। बस में भी पथराव व डंडा मारा गया। चालक वहां से किसी तरह से बस लेकर निकला। शिक्षिका को उतारने के बाद उसने उदिहिन के समीप तैनात पीसीआर वैन के सिपाहियों को इसकी जानकारी दी। उन्होंने मौका-मुआयना किया, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। मामले में प्रभारी एसओ अनिल वर्मा का कहना है कि ऐसी कोई जानकारी नहीं दी गई है। घटमापुर से उदिहिन के बीच 100 डॉयल की टीम तैनात रहती है। टीम ने भी ऐसी कोई सूचना नहीं दी है। यूके स्कूल के प्रबंधक रमेश कुमार का कहना कि उनकी स्कूल बस में पथराव किया गया था, इसके अलावा कई डंडे मारे गए थे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई है।