सैनी कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की शाम खेत की ओर गई 16 वर्षीय किशोरी से गांव के युवक ने दुराचार की कोशिश की। चीख-पुकार पर गांव वालों को आता देख धमकी देते हुए युवक भाग निकला। घर पहुंची पीड़िता ने आपबीती परिजनों को बताई। भुक्तभोगी पिता की तहरीर पर युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी बुधवार की शाम खेत की ओर गई थी। तभी उसे अकेली देख गांव का एक युवक पहुंचा और मुंह दबाकर उसे खेत में उठा ले गए। आरोप है कि खेत में युवक ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। खुद को बचाने के लिए वह चीखने-चिल्लाने लगी। किशोरी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के अन्य खेतों में काम कर रहे लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख युवक उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। घर आई किशोरी ने मां-बाप को युवक की करतूत बताई। बेटी के साथ हुई घटना सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। किशोरी को लेकर पिता थाने पहुंचा। भुक्तभोगी पिता की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी युवक के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कर घटना की तहकीकात शुरू कर दी है। उधर पड़ोसी युवक की हरकत से पीड़ित किशोरी डरी सहमी हुई है।