प्रधान को फर्जी मुकदमे में फंसाए जाने को लेकर प्रधानों के प्रतिनिधि मंडल ने शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन करके उपजिलधिकारी को मांगों से भरा ज्ञापन सौंपा। प्रधानों द्वारा यह एलान किया गया कि जल्द ही मामले का निस्तारण नहीं किया गया तो प्रधान संघ धरना देने के लिए मजबूर हो जाएगा। उपजिलाधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए मामले का निस्तारण जल्द ही कराने का आश्वासन दिया है।
बता दें कि सैनी थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में अनिल कुमार शर्मा ग्राम प्रधान हैं। ग्राम प्रधान का आरोप है कि जब से वह ग्राम प्रधान बने हैं तब से गांव की पूर्व प्रधान फात्मा बीबी पत्नी लियाकत अली अपने समर्थकाें के साथ विरोध कर रही हैं। बार-बार नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान के खिलाफ फर्जी मुकदमे में फंसाने का बराबर प्रयास कर रहे हैं। प्रधान का आरोप है कि अभी तीन दिन पहले वह दौलतपुर गांव में ओडीएफ के तहत शौचालय निर्माण का कार्य करा रहे थे।
इसी दौरान गांव के कुछ लोगों के इशारे पर एक दलित महिला ने मेरे और समर्थकों के ऊपर फर्जी गैंग रेप का आरोप लगा दिया। इसके बाद मुकदमा दर्ज करा दिया गया। इससे नाराज प्रधान विशुन कुमार, संतोष कुमार, राजाराम साहू, मुकेश कुमार, जय प्रकाश, सुरेंद्र कुमार, रमेश कुमार, बब्लू आदि ने शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन करके उपजिलधिकारी को मांगों से भरा ज्ञापन सौंपा। प्रधानों द्वारा यह एलान किया गया कि यदि जल्द ही मामले का निस्तारण नहीं किया गया तो प्रधान संघ धरने पर बैठने को मजबूर हो जायेगा। उपजिलाधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए मामले का निस्तारण जल्द ही कराने का आश्वासन दिया है।