कौशाम्बी पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात पुरामुफ्ती इलाके से शातिर लुटेरों के गैंग के सरगना और 4 सदस्यों को धरदबोचा। एसओजी और पुरामुफ्ती पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा पकड़े गए बदमाशों के पास से देसी पिस्टल और 4 तमंचे मिले हैं। इन बदमाशों ने पुरामुफ्ती के तेरहमील बाजार में स्थित पेट्रोल पंप समेत कई अन्य लूट की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया है। एसपी ने बताया कि लुटेरों का यह गैंग कौशाम्बी के अलावा इलाहाबाद, प्रतापगढ़ में भी लूट करता रहा है। गिरोह के सरगना के खिलाफ धूमनगंज थाने में लूट के कई मामले दर्ज हैं।
सरेराह लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के सरगना और उसके 4 साथियों को बृहस्पतिवार की रात एसओजी और पुरामुफ्ती पुलिस ने पुरामुफ्ती के कुरई गांव से धर दबोचा। पुलिस अधीक्षक वीके मिश्रा ने बताया कि गिरोह का सरगना सूरज उर्फ बसंत यादव निवासी सहानपुर झलवा इलाहाबाद का रहने वाला शातिर बदमाश है। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि 28 फरवरी 2016 की रात अपने साथी अविनाश उर्फ बच्चा निवासी अतरसुईया इलाहाबाद, महेंद्र, शनि निषाद और रूखसार निवासी कुरई पुरामुफ्ती कौशाम्बी के साथ मिलकर हाईवे पर तेरहमील बाजार के समीप स्थित ललिता पेट्रोल पंप के सेल्समैन सुनील कुमार से तमंचे की नोंक पर 40 हजार की लूट की थी। बकौल एसपी लुटेरों का यह गैंग अर्से से कौशाम्बी और आसपास के जिलों में लूट, छिनैती की घटनाएं करता रहा है। एसओजी प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि लुटेरों के कब्जे से लूट के 14 हजार रुपये, 4 तमंचे और एक देसी पिस्टल मिली है। गैंग के सरगना सूरज उर्फ बंसत के खिलाफ धूमनगंज थाने में लूट छिनैती के दर्जनों मामले दर्ज हैं। एसपी ने पुलिस टीम को घटना के खुलासे पर पांच हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।