फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब तांत्रिकों की शरण में पुलिस

Sat, 08 Jul 2017 01:13 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो कौशाम्बी
विज्ञापन
murder of unknown young lady in kaushambi - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कानपुर-इलाहाबाद हाईवे पर कोखराज के पन्नोई मोड़ के समीप हत्या कर फेंकी गई युवती की शिनाख्त न होने पर पुलिस ने तांत्रिकों की मदद लेनी शुरू कर दी है। कोई सुराग न लगने पर पुलिस ने इलाके के दो तांत्रिकाें से संपर्क किया है। तांत्रिकों ने आश्वासन दिया है कि वे जल्द ही शिनाख्त करवा देंगे। एक तांत्रिक ने इसके लिए 30 दिन का समय भी दिया है। पुलिस की यह कारगुजारी इलाके में चर्चा का विषय बनी है। तांत्रिकों के घर आवाजाही को लेकर तमाम तरह के सवाल भी खड़े होने लगे हैं।
विज्ञापन


बुधवार सुबह हाईवे पर पन्नोई मोड़ के  समीप एक खेत में 25 वर्षीय युवती की लाश मिली थी। युवती के माथे पर गोली मारी गई थी। युवती के गर्भवती होने की आशंका पुलिस जाहिर कर रही है। घटना क्यों और किसने अंजाम दी, इसको लेकर संशय बना है। युवती की शिनाख्त न होने से इस रहस्य से पर्दा नहीं उठ रहा है। युवती के पहनावे को देखकर प्रतीत हो रहा है कि वह किसी हाईप्रोफाइल परिवार से ताल्लुक रखती थी।

इसको लेकर पुलिस युवती के शिनाख्त को लेकर गंभीर है। सोशल मीडिया के जरिए भी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। पहचान न होने पर कोखराज पुलिस ने गुरुवार शाम इलाके के दो तांत्रिकों से संपर्क किया। इनमें पट्टी नरवर के एक तांत्रिक ने पुलिस कर्मियों से कहा कि अभी वह इस मामले में कुछ नहीं कर सकते हैं। 30 दिन बाद ही वह मृतका के बारे में अपने तंत्र मंत्र के जरिए कुछ जानकारी हासिल कर सकते हैं। वहीं दूसरे तांत्रिक ने भी यही आश्वासन दिया है कि वह जल्द ही युवती के बारे में जानकारी देगा।
विज्ञापन


 पुलिस अपने सारे तीर आजमाने के बाद इन तांत्रिकों के पास पहुंची है। इसके बाद भी युवती की पहचान नहीं हो पा रही है। तांत्रिकों से पुलिस की हुई मुलाकात को लेकर गांवों में तमाम तरह की चर्चाएं भी होने लगी हैं। कोखराज एसओ बृजेश द्विवेदी का कहना है कि यह सब बातें निराधार हैं। पुलिस तांत्रिकों के संपर्क में नहीं है। शिनाख्त करने के लिए सोशल मीडिया के अलावा अन्य तरीकों का प्रयोग किया जा रहा है। जल्द ही पहचान करा ली जाएगी।
 
घटनास्थल का तीसरे दिन भी हुआ निरीक्षण
कोखराज थाने की पुलिस हत्या कर फेंकी गई युवती के मामले को गंभीर है। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई के लिए दबाव बना रखा है। यही कारण है कि तीसरे दिन भी बारिश के बीच पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल से दो सौ मीटर की दूरी का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस घटनास्थल के समीप सुराग ढूंढने की कोशिश में रही लेकिन वहां से पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा।
 
एक बजे के बाद फेंकी गई लाश
युवती की लाश पन्नोई मोड़ पर एक बजे के बाद फेंकी गई थी। पुलिस अधिकारियों ने समीक्षा की तो पता चला रात एक बजे तक 100-डॉयल पुलिस वहां तैनात रही। इसके बाद पुलिस सूचना पर दूसरी जगह गई। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इसी बीच घटनास्थल पर हत्यारों ने लाश फेंकी और भाग निकले। हाईवे होने के कारण पुलिस की सर्विलांस टीम को मोबाइल सर्च करने में तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
 
युवती के कपड़ों पर नहीं थे खून के निशान
हत्या कर फेंकी गई युवती के कपड़ों पर खून के निशान नहीं थे। युवती ने लाल कुर्ती के साथ काले रंग की लैगी पहन रखी थी। पुलिस ने शव मिलने के बाद जांच की तो पता चला उसके माथे में गोली मारी गई थी। इसके बाद गोली जहां से घुसी थी वहां पर चाकू से प्रहार किया गया था। गोली आर-पार भी नहीं हुई थी। इतना सब कुछ होने के बाद  भी युवती के कपड़ों में खून के निशान नहीं थे। सिर्फ चेहरे पर ही खून का धब्बा था। यही कारण है कि पुलिस इस घटना को लेकर उलझन में है। आखिर ऐसी वारदात किन परिस्थितियों में अंजाम दी गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें