सैनी कोतवाली के चक जमीन महबूबा गांव में दबंगों की पिटाई से गर्भवती विवाहिता का गर्भपात हो गया। शुक्रवार दोपहर पड़ोसी ने घर पर धावा बोल विवाहिता को बेरहमी से पीट दिया। शिकायत करने के बाद भी इलाकाई पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। शनिवार को पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की।
सैनी कोतवाली के चक जमीन महबूबा गांव की मंतरा देवी पत्नी कुंजी लाल का पड़ोसी से पुराना विवाद चल रहा है। इसी अदावत में शुक्रवार दोपहर पड़ोसी ने साथियों के साथ मिल घर पर धावा बोल दिया। तोड़-फोड़ करने का विरोध करने पर हमलावरों ने गर्भवती विवाहिता को बेरहमी से पीट दिया। विवाहिता की चीख सुन घर परिवार के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के बीच-बचाव करने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
गर्भवती विवाहिता की हालत देख परिवार के लोग उसे अस्पताल ले गए। जहां विवाहिता का गर्भपात हो गया। देर शाम पीड़ित परिवार के लोग शिकायत लेकर थाने गए। पर पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलता देख पीड़िता शनिवार को मंझनपुर पहुंची। पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई। एसपी प्रदीप गुप्ता ने एसओ सैनी को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।