फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुमटी रखने के विवाद में ही मारा गया धुन्नू

Tue, 28 Jul 2015 01:20 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, कौशाम्बी
विज्ञापन
विज्ञापन
 मंझनपुर। पूरबशरीरा गांव के 10 वर्षीय बालक राधेश्याम उर्फ धुन्नू की हत्या पड़ोसी राजेश ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर की थी। सोमवार को पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच गुमटी रखने को लेकर झगड़ा हुआ था। इस दौरान धुन्नू के पिता ने राजेश की बहन को पीट दिया था। इसी का बदला लेने के लिए उसने यह सनसनीखेज वारदात अंजाम दी। पुलिस ने इन युवकों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़, बांका, फावड़ा भी बरामद कर लिया।
विज्ञापन


पश्चिमशरीरा थाने के पूरबशरीरा गांव का रामसंवारे मजदूर है। उसका 10 वर्षीय बेटा राधेश्याम उर्फ धुन्नू 19 जुलाई की सुबह खेत की ओर गया था, तभी से संदिग्ध दशा में वह लापता हो गया था। मंगलवार को उसका शव गांव के समीप नहर किनारे जमीन में दफन मिला। लापता बालक की लाश मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घरवालों की किससे क्या रंजिश है? इसका पता करने के बाद पुलिस हत्यारों की खोजबीन में जुटी। पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि पुलिस को जांच के दौरान मालूम चला कि घटना के दो दिन पहले धुन्नू के पिता राम संवारे का पड़ोसी राजेश पुत्र साधू से गुमटी रखने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान राम संवारे ने उसकी बहन की पिटाई कर दी थी।

बहन की पिटाई का बदला लेने के लिए राजेश ने उसके बेटे की हत्या करने की ठान ली। इसके लिए उसने अपने साथी राजुल और भोला से भी बात की। भोला और राजुल की भी रामसंवारे से अनबन है। इसके बाद 19 जुलाई को योजनाबद्ध तरीके से राजुल धुन्नू को साइकिल में बैठाकर जामुन खिलाने के बहाने गांव के बाहर आम की बाग में ले गया। देर रात तक उसे बहाने से रोके रखा। रात करीब 11 बजे घर लाकर धुन्नू को बांका और चापड़ से काटकर हत्या कर दी। मारने के बाद तीनों ने मिल कर शव नहर किनारे ले जाकर दफन कर दिया। पुलिस ने रविवार रात दबिश देकर राजेश, राजुल और भोला को धर दबोचा। पुलिस ने पकड़े गए युवकों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त बांका, चापड़, फावड़ा आदि भी राजुल के घर से बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने हत्याकांड का हफ्ते भर के भीतर खुलासा करने वाली पुलिस टीम में पांच हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
विज्ञापन


मामूली विवाद पर बहन की पिटाई के प्रतिशोध ने नौजवान दोस्तों को हत्यारा बना दिया। बता दें कि पूरबश्रीरा गांव के 10 वर्षीय धुन्नू की हत्या के आरोप में पकड़ा गया राजेश कुमार पुत्र साधु मुश्किल से 18-19 साल का है । राजुल और भोला भी राजेश की ही हम उम्र हैं। तीनों युवक दूसरी-तीसरी दर्जा तक ही स्कूल गए हैं। इसके बाद पढ़ाई छोड़कर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मजदूरी करने लगे थे। मेहनत-मजदूरी करने वाले राजेश को बदले की भावना ने पड़ोसी के बेटे का हत्यारा बना दिया। उसके दोनों साथी भी दोस्ती में मासूम बच्चे का खून कर सलाखों के पीछे पहुंच गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें