दोआबा में उमसभरी गर्मी के साथ लू के थपेड़े कातिल होते जा रहे है। शनिवार को भरवारी इलाज कराने आए कछुआ गांव के एक युवक की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। सरेराह युवक की मौत देख मौके पर लोगों का मजमा जमा हो गया। सूचना पर घर परिवार के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। युवक के शव को लेकर घर चले गए। युवक की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के कछुआ गांव का रहने वाला बांके लाल (30) पुत्र नर्मदा प्रसाद शनिवार को भरवारी स्थित एक अस्पताल इलाज कराने के लिए आया था। बताया जा रहा है कि दवा लेने के बाद वह घर लौट रहा था। जैसे ही रेलवे क्रासिंग पार कर कुछ दूर पहुंचा और लू के थपेड़े सहन नहीं कर पाने से वह अचेत होकर गिर पड़ा। आस-पास मौजूद लोग आनन-फानन में युवक के समीप पहुंचे और उसे छांव में ले जाने के बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी। जब तक लोग युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाते उसकी सांसें थम चुकी थीं। घर वाले बिना पुलिस को सूचना दिए शव लेकर गांव चले गए। परिजनों के साथ स्थानीय लोगों की माने तो युवक की मौत लू लगने से हुई है।