कौशाम्बी इलाके की एक विवाहिता के साथ पड़ोसी युवकों ने सामूहिक दुराचार किया। शिकायत पर पुलिस ने एक भी नहीं सुनी। अदालत के आदेश पर शनिवार को थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है।
कौशाम्बी थाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता 10 सितंबर को लकड़ी बीनने के लिए गांव के बाहर आम की बाग में गई थी। बताया कि इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे गांव के दो युवक उसे दबोच कर झाड़ी के पीछे उठा ले गए। इसके बाद मुंह में कपड़ा ठूस कर सामूहिक दुराचार किया।
दरिंदगी के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। बदहवास हालत में घर पहुंची पीड़िता ने आपबीती परिजनों को बताई। आरोप है कि दूसरे दिन वह शिकायत लेकर थाने गई तो पुलिस ने डांटकर भगा दिया। इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलता देख पीड़िता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। शनिवार को अदालत के आदेश पर पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र और तीरथ के खिलाफ दुराचार का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजते हुए घटना की तहकीकात शुरू कर दी है।