प्रयागराज के करेली मोहल्ले में रहने वाले एक व्यक्ति की बेशकीमती भूमि का जालसाज ने धोखाधड़ी कर अपने नाम बैनामा करा लिया। मामले में एसपी के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर लिखकर पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
करेली निवासी राशिद पुत्र मो. अफजल ने बताया कि कोखराज इलाके के रेजमा गांव में उसकी करोड़ों रुपया कीमत की भूमि है। 13 मार्च 2019 को रेजमा के ही सुरेश कुमार ने धोखा देकर भूमि का अपने नाम बैनामा करा लिया। इसके बाद कब्जा नहीं करने की शर्त पर रुपयों की मांग करने लगा। पीड़ित की मानें तो इसकी शिकायत मार्च में ही उसने कोखराज पुलिस से की थी। पर, पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। इससे परेशान पीड़ित ने दो दिन पहले मामले की शिकायत एसपी से कर दी। एसपी प्रदीप गुप्ता के निर्देश पर मंगलवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मामले में कोखराज इंस्पेक्टर अजीत कुमार पांडेय का कहना है कि प्रकरण की जांच कराई जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।