चायल (ब्यूरो)। जमीन विवाद को लेकर बुधवार की दोपहर उजिहिनी आइमा गांव में दबंगों ने अधेड़ और उसके बेटों को पीटकर अधमरा कर दिया। चीख-पुकार पर दौड़े गांव के लोगों ने बीच-बचाव करके इनकी जान बचाई। सूचना पर आई पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। साथ ही हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के उजिहिनी आइमा गांव निवासी रामधन ने बताया कि पड़ोसी से उसका जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। बुधवार की दोपहर इसी विवाद को लेकर पड़ोसी से उसकी कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि कहासुनी के दौरान ही पड़ोसी और उसके घरवालों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। पिता को पीटते देख बीच-बचाव करने पहुंचे उसके बेटे अन्नू और अशोक को भी हमलावरों ने पीटकर लहूलुहान कर दिया।
मारपीट की चीख-पुकार सुनकर आए गांववालों ने बीच-बचाव किया। ग्रामीणों के आने पर हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर आई पुरामुफ्ती कोतवाली पुलिस ने घायल बाप-बेटों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही पीड़ित की तहरीर पर हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मारपीट की घटना को लेकर दोनों परिवारो में तनातनी बनी हुई है।