पिपरी थानाक्षेत्र के असरावल कला तिराहे के पास बुधवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा सटाकर दंपति को लूट लिया। वारदात के बाद मकदूमपुर चौकी पहुंचे दंपति ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। तहरीर लेकर पुलिस बदमाशों का सुराग लगाने मे जुट गई है।
असरावल खुर्द निवासी सुभाष केसरवानी बुधवार को अपनी पत्नी नीतू केशरवानी के साथ बाइक से इलाहाबाद गए थे। लौटते समय रात लगभग नौ बजे एक बाइक पर सवार तीन बदमाश उनका पीछा करते हुए आ रहे थे। बताते हैं कि सुभाष जैसे ही असरावल कला तिराहे के पास पहुंचा बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। इसके बाद तमंचा सटाकर सुभाष के पास से दो हजार रुपये नकद, मोबाइल और पत्नी के गले से मंगलसूत्र छीन लिया।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। लुटने के बाद पीड़ित मकदूमपुर पुलिस चौकी पहुंचे और घटना की तहरीर पुलिस को दी। तहरीर लेकर चौकी पुलिस लुटेरों का सुराग लगाने में जुट गई है।