यमुना पुल के समीप रविवार रात बेकाबू डंपर ने बाइक सवार इंजीनियरिंग छात्र को रौंद दिया। एसआरएन अस्पताल प्रयागराज में सुबह उसकी मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया ।
चित्रकूट जिले के राजापुर कस्बे का घनश्याम कुमार (28) पुत्र रामदयाल एक इंजीनियरिंग कॉलेज का छात्र था। वह प्रयागराज में रहकर पढ़ाई करता था। रविवार रात प्रयागराज से घर जा रहा था। महेवाघाट पुल के समीप पीछे से आए बेकाबू डंपर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही घनश्याम गिर गया।
इस दौरान डंपर उसे कुचलते हुए गुजर गया। दुर्घटना देख दौड़कर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आननफानन एंबुलेंस की मदद से घायल छात्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां सोमवार सुबह उसकी सांसें थम गईं । पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में राजापुर पुलिस ने अज्ञात डंपर के खिलाफ केस दर्ज किया है। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन सहित फरार हो गया था।