चरवा कोतवाली पुलिस ने सोमवार की रात मुठभेड़ में डी-गैंग के सरगना जालंधर को धर दबोचा है। रात गश्त में निकली पुलिस टीम को देखकर उसने तमंचे से फायर करके भागने की कोशिश की थी। नाकाबंदी करके पुलिस ने उसे धरदबोचा। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद होने का दावा किया है। एसओ ने बताया कि दबोचे गए बदमाश के खिलाफ चोरी और छिनैती के मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। गैंगेस्टर की कार्रवाई होने के बाद से ही वह फरार चल रहा था।
चरवा एसओ रियाज अहमद ने बताया कि सोमवार की रात हमराहियों के साथ वे गश्त पर थे।
उनका दावा है कि जैसे ही उनकी टीम लालमनि की बाग (चरवा) के समीप पहुंची। तभी वहां किसी के छिपकर बैठे होने का अंदेशा हुआ। सिपाहियों ने आवाज लगाई, तो झाड़ी में छिपकर बैठे व्यक्ति ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। साथ ही गोली दागने के बाद वह भागने लगा। हालांकि पहले से सतर्क रहे सिपाहियों ने नाकाबंदी करके उसे दौड़ाकर धरदबोचा। एसओ ने बताया कि पकड़ा गया युवक सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के घोसिया गांव का रहने वाला शातिर बदमाश जालंधर पुत्र गयादीन है। यह युवक क्षेत्र में सक्रिय डी-गैंग का सरगना है। इसके खिलाफ कई थानों में चोरी छिनैती के मामले भी दर्ज हैं। गैंगेस्टर की कार्रवाई होने के बाद से युवक पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचे गए बदमाश के खिलाफ लिखापढ़ी करके उसे जेल भेज दिया है।