ईंट भट्ठे के लिए मिट्टी खोदाई करते समय शनिवार की सुबह सिकंदरपुर बजहा गांव के समीप टीला धसक गया। इसके नीचे दबने से चरवा गांव का किशोर भुल्ली प्रसाद जिंदा दफन हो गया। मिट्टी के नीचे दबने से दो अन्य किशोर घायल हो गए। सूचना पर आई पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। किशोर की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
चरवा गांव निवासी भुल्ली प्रसाद (15) पुत्र हरि प्रसाद सरोज, संदीप कुमार (16) पुत्र भैयालाल और भुक्खल प्रसाद (17) पुत्र राम बहादुर मिट्टी खोदने के लिए ट्रैक्टर चालक के साथ सिकंदरपुर बजहा गांव के समीप गए थे। बताया जाता है कि गांव के समीप लगातार ईंट भट्ठे के लिए मिट्टी खोदाई होने से मौके पर मिट्टी के बड़े-बड़े टील बन गए हैं। शनिवार की सुबह इसी टीले के पास तीनों किशोर मिट्टी की खोदाई करके ट्रैक्टर ट्राली में भर रहे थे। इसी दौरान एक बड़ा टीला धसक गया। मिट्टी खोद रहे तीनों किशोर उसके नीचे दब गए। तीनों लड़कों के मिट्टी के टीले के नीचे दब जाने से मौके पर कोहराम मच गया। चीख-पुकार पर गांववालों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर कोखराज पुलिस पहुंची। गांववालों की मदद से पुलिस ने टीले के नीचे दबे भुल्ली, संदीप और भुक्खल को बाहर निकाला। इसमें भुल्ली की सांसें थम चुकी थी। दोनों घायलों को पुलिस ने पीएचसी मूरतगंज में भर्ती कराया। उधर, हादसे में बेटे की मौत की खबर लगते ही परिवार के लोग भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ईंट भट्ठा मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ विनोद यादव ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। तफ्तीश के बाद आगे की कार्रवाई होगी।