पुरामुफ्ती पुलिस ने बुधवार को गुंगवा की बाग गांव में कच्ची शराब बनाकर बेचने वाले धंधेबाज के घर दबिश दी। पुलिस टीम को मौके पर 30 लीटर महुआ की शराब और एक कुंतल लहन मिला। शराब जब्त करते हुए पुलिस ने लहन को मौके पर ही नष्ट करा दिया। पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के गुंगवा की बाग गांव निवासी खिन्नीलाल कच्ची शराब बनाकर बेचने का अवैध धंधा करता था। मुखबिर की सूचना पर बुधवार की दोपहर गांव पहुंची पुलिस ने उसके यहां छापेमारी की। पुलिस ने शराब बनाते खिन्नीलाल को रंगे हाथ दबोचा। मौके से पुलिस को बनाकर रखी तीस लीटर शराब, करीब एक कुंतल लहन, शराब बनाने के उपकरण मिले। पुलिस ने लहन को मौके पर ही नष्ट कराते हुए हत्थे चढ़े युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसे जेल भेज दिया है। एसओ ने बताया कि यह युवक कई साल से शराब बनाकर बेचने का यह काला धंधा करता रहा है।