नेवादा। सरकारी खाद्यान्न डंप करने की आशंका में सीज किए गए गोदाम में बोरियों से छेड़खानी सरायअकिल के गल्ला व्यापारी को मंहगी पड़ी है। लेखपाल की तहरीर पर बुधवार को पुलिस ने गल्ला कारोबारी मथुरा प्रसाद अग्रहरि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बता दें कि सरायअकिल के गल्ला कारोबारी मथुरा प्रसाद अग्रहरि की पटेल चौराहे पर पुरखास रोड पर जय दुर्गे ट्रेडर्स के नाम से फर्म है। इस गोदाम में सरकारी अनाज डंप होने की आशंका पर 26 मार्च को एसडीएम चायल रजनीश मिश्र ने छापामारी की थी। जांच के बाद एसडीएम ने गोदाम को सीज कर दिया था। साथ ही इस पूरी कार्रवाई की उन्होंने फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी करवाई थी।
साथ ही घोसिया गांव के लेखपाल धर्मपाल को निगरानी का निर्देश दिया था। 28 मार्च को एसडीएम मार्केटिंग इंस्पेक्टर आदि अन्य विभागीय अफसर और कर्मियों के साथ सीज किए गए गोदाम में रखे खाद्यान्न का सत्यापन किया था। तब एसडीएम को सीज किए गए गोदाम के कमरे और बरामदे में रखी बोरियां बदले जाने की आशंका हुई थी।
वहीं सत्यापन के दौरान गोदाम के स्टाक से करीब 200 कुंतल अधिक खाद्यान्न भी मिला था। सीज किए गए गोदाम की सील से छेड़खानी और स्टाक से अधिक खाद्यान्न मिलने पर की रिपोर्ट एसडीएम ने जिलाधिकारी को दी थी। साथ ही सीज गोदाम की सील से छेड़खानी करने के मामले में उन्होंने निगरानी के लिए तैनात किए गए लेखपाल को रिपोर्ट दर्ज कराने का निर्देश दिया था। एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल धर्मपाल ने सरायअकिल थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गल्ला व्यापारी मथुरा प्रसाद अग्रहरि पुत्र लल्लू प्रसाद अग्रहरि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।