मंगनी के बाद रिश्ते की डोर तोड़ना दहेज लोभियों को महंगा पड़ा। बाइक- नगदी नहीं मिलने पर लड़के पक्ष के लोग शादी करने से इंकार कर दिया। रिश्ते की टूटती डोर देख युवती के परिजनों ने युवक और उसके घर वालों की काफी मिन्नत की। पर वे कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हुए। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दहेज लोभियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के एक गांव रहने वाली युवती का रिश्ता दो महीने पहले मंझनपुर क्षेत्र में तय हुआ। युवती के पिता का आरोप है कि मंगनी के बाद लड़के पक्ष के लोग उससे बाइक और 50 हजार रुपये देने का दबाव बनाने लगे। उसने असमर्थता जाहिर की तो लड़के पक्ष के लोगों ने शादी से इंकार कर दिया। रिश्ते की डोर टूटती देख युवती के परिजनों के होश उड़ गए। दोनों परिवारों के बीच दहेज की मांग को लेकर पंचायत भी हुई पर कोई बात नहीं बन सकी। बुधवार को सरायअकिल थाने पहुंचे युवती के पिता ने लड़के पक्ष के लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवक समेत उसके पिता, बहनोई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि पैसे के लेन-देन के विवाद में रिश्ता टूटने की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।