दहेज को लेकर सरायअकिल इलाके की रहने वाली एक युवती की शादी का रिश्ता टूट गया। शादी की तारीख पक्की होने के बाद वरपक्ष के लोग पल्सर बाइक और एक लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर शादी से इंकार कर दिया। दो दिन हुई बिरादरी की पंचायत में भी बात नहीं बनी। बुधवार को भुक्तभोगी ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी ने एसओ सरायअकिल को जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक युवती का रिश्ता पड़ोसी गांव के युवक से पक्का किया गया था। मंगनी की रस्म हो चुकी थी। अप्रैल महीने में शादी होनी थी। तिलक और बारात की तारीख पक्की होने के बाद कन्यापक्ष के लोग शादी की तैयारी में जुट गए थे। इसी बीच रविवार को वरपक्ष ने युवती के पिता को संदेश भेजकर एक लाख रुपये और पल्सर बाइक की मांग कर दी। यह संदेश सुनते ही कन्यापक्ष के लोगों के होश उड़ गए। युवती के पिता ने अचानक हुई इस मांग को पूरी करने में असमर्थता जाहिर की, तो दूल्हे के परिजनों ने शादी से इंकार कर दिया। मान-मनौव्वल की गई। कन्यापक्ष के लोगों ने इज्जत की दुहाई दी।
बिरादरी की पंचायत भी हुई। पर, दहेजलोभी वर पक्ष के लोग बगैर बाइक और पैसे के बारात लाने को तैयार नहीं हुए। बिरादरी की पंचायत में भी बात नहीं बनने पर बुधवार को पीड़ित पिता बेटी को लेकर मंझनपुर पहुंचा। उसने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक वीके मिश्रा ने एसओ सरायअकिल को खुद जाकर इस प्रकरण की जांच करने और शिकायत सही मिलने पर कार्रवाई का निर्देश दिया है। एसओ पीके यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। छानबीन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।