नेवादा (कौशाम्बी)। बाइक से बाजार जा रहे कोटिया गांव के युवक पिंटू (20) और उसके बहनोई विजय कुमार (25) की बुधवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। गांव के समीप ही बस से टकराकर बाइक समेत गिरे युवकों को सामने से आए ट्रक ने कुचल दिया। दो-दो युवकों की मौत से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ट्रक चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग करते हुए सड़क पर उतरे लोगों ने सरायअकिल-इलाहाबाद मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। लोगों ने ईंट-पत्थर चलाकर तोड़फोड़ का भी प्रयास किया। करीब तीन घंटे तक सड़क पर गुस्से का इजहार करने वाले ग्रामीण तहसीलदार के समझाने पर शांत हुए। उधर, जवान बेटे और दामाद की एक साथ हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के कोटिया गांव के रहने वाले राममिलन पटेल किसान हैं। मंगलवार की शाम उनका दामाद विजय कुमार (25) निवासी मटियारा सिराथू घर आया था। बुधवार को दिन में करीब तीन बजे राम मिलन का लड़का पिंटू (20) बाइक से बहनोई को लेकर तिल्हापुर बाजार जाने को घर से निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गांव से निकलकर जैसे ही इनकी बाइक मुख्यमार्ग पर पहुंची। कौशाम्बी की ओर से आई बस ने टक्कर मार दी। बस की टक्कर से बाइक समेत दोनों युवक गिर गए।
सड़क पर युवकों के गिरते ही दोनों युवक सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक दोनों को कुचलते हुए निकल गया। इससे घटनास्थल पर ही पिंटू और उसके बहनोई की मौत हो गई। वहीं चपेट में आने से एक राहगीर महिला भी घायल हो गई। उधर, सड़क हादसे में एक साथ दो युवकों की मौत से हड़कंप मच गया। मौके पर चीखते-चिल्लाते परिजनों के साथ गांववाले जुट गए। खून से लथपथ युवकों की लाश देखते ही गांववालों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीण कुचलने वाले ट्रक के चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग करते हुए शव लेकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर आए तहसीलदार, सीओ ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी। पुलिस अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।