नशे में धुत होकर घर के सामने हंगामा कर रहे युवक को मोहम्मदपुर गांव के एक युवक ने पीट दिया। पिटाई से घायल युवक की तहरीर पर पुलिस ने हमलावर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी उमेश कुमार शराब पीने का आदी है। बताया जाता है कि रविवार की रात करीब 8 बजे वह नशे में धुत होकर आया था। इस दौरान उसने गांव के रहने वाले महेंद्र विश्वकर्मा के दरवाजे पर खड़े होकर हंगामा शुरू कर दिया। महेंद्र विश्वकर्मा ग्राम प्रधान रमेश कुमार का प्रतिनिधि है।
वह उनके घर के सामने खड़े होकर प्रधान और उन्हें उल्टी-सीधी बातें बोल रहा था। मना करने पर भिड़ गया। कहासुनी के दौरान महेंद्र ने उमेश की पिटाई कर दी। मारपीट होती देख गांववालों ने आकर बीच बचाव किया। पिटाई से घायल उमेश ने घटना की नामजद तहरीर पुरामुफ्ती थाने में दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्रधान प्रतिनिधि महेंद्र विश्वकर्मा के खिलाफ मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।